Saturday, July 27, 2013

नंगा

उस युवती ने सिगरेट का आखिरी लम्बा कश लिया और सिगरेट के टुकड़े को ऐश ट्रे में रगड़ दिया। काउच पर सीधी हो कर लेट गयी और जब आदमी ने कोई प्रतिक्रिया नहीं दी तो तराशी हुई मुस्कान के साथ बोली, ‘‘सर, गो अ हेड! टाइम इज मनी फॉर  मी?’’

वह आदमी कुछ असमंजस की स्थिति में था। चालीस-बयालीस के आस-पास की आयु, कलर किए गए बाल जिनके बीच से खोपड़ी झांकने लगी थी, हल्की-सी तोंद और आंखों में पल-पल बदलते भाव। वो उस वर्ग का प्रतिनिधित्व करता है जो हर सुबह पांच मिनट नाक से हवा निकाल कर अपनी सेहत की देखभाल करता है, नहाने के बाद जोर-जोर से कुछ रट कर लोक-परलोक सुधार लेता है, कुत्ते को रोटी डालकर और सूरज की ओर मुंह करके छत के कोने में जल की कुछ बूंदे टपका कर पर्यावरण के प्रति अपनी जिम्मेदारी से निवृत हो लेता है और हर बुराई के लिए दूसरे को जिम्मेदार ठहरा कर अपनी आत्मा को पवित्र कर लेता है।

दिन भर घर-गृहस्थी में खटती पत्नी के आधे-अधूरे, अधजगे, कई बार पसीने से गंधाते, समय से पहले ढीले पड़ गए शरीर के अलावा स्त्री देह से उसका परिचय सिर्फ परदे की ओट से कामवाली को ताकने या सड़क पर आती-जाती महिलाओं/लड़कियों को इस अंदाज से घूरने कि मैं तो कहीं और देख रहा था, तक ही सीमित था। इस तरह एक एक्जीक्यूटिव सूइट में एक यूक्रेनियाई कॉल गर्ल के साथ रहना उसके ख्वाबो में भी नहीं था।

लेकिन किस्मत से विश्व बैंक और सरकार से पैसे का ऐसा अकूत प्रवाह आया कि पूरे शहर को खोद कर पाइप लाइन बिछाने का कार्य चालू करने का आदेश पारित हो गया। इस शहर में एक रिवाज है, दशक में एक बार पूरे शहर में पाइप लाइनें डाली जाती हैं। सूखी, चटकती पाइप लाइनों को जमीन के अंदर दफना दिया जाता है और दुबारा पाइप लाइनों को बिछा दिया जाता है। लेकिन इनमें कभी पानी आएगा इस उम्मीद में कितनी आंखों में झाइयां पड़ चुकी हैं कहा नहीं जा सकता।

इसी के साथ कार्यालय के बाहर जाइलो, बोलेरो, स्कार्पियो, सफारी की लाइनें लग गयी, जिनमें भरी हुई ठेकेदारों, सप्लायरों की भीड़ मक्खियों की तरह ठेकों की चाशनी पर मंडराने लगी। उसके जैसा मामूली-सा जूनियर इंजीनियर अचानक एक ख़ास व्यक्ति हो गया। वो उस मंदिर का पुजारी हो गया, बड़े-बड़े साहबों रूपी भगवानों को रिझाने की कुंजी उसके ही पास थी। इसलिए सारी भीड़ उसके आस-पास ही जमा होने लगी। नोट कोई खास बात नहीं थी, उसे गिन कर देने वाले भी थे और तोल कर देने वाले भी। लेकिन जब एक ठेकेदार ने अकेले में ले जाकर ये अजीबोगरीब पेशकश की तो वो सकपका गया। वैसे वो इज्जतदार व्यक्ति था, एक बेटी भी थी जिसकी इज्जत का उसे बहुत ख्याल था, समाज में प्रतिष्ठा थी। लेकिन इज्जत भी बहुत अद्भुत चीज होती है, बिलकुल बच्चों के खेलने वाली रबर की तरह जिसे हम अपने इच्छा से किसी भी आकार में ढाल सकते हैं।

इसलिए मौन स्वीकृति देकर उसने प्रस्ताव स्वीकार कर लिया, कई कागजों पर दस्तखत हो गए, साहब राजी हो गए, कई नोटों से भरे ब्रीफकेस इधर से उधर हो गए और उसके साथ ही मजदूरों की फौज फांवड़े, कुदाल, तसले उठा कर कुछ ही दिन पहले बनी शहर की सड़कों को खोदने के लिए टूट पड़ी। और देखते ही देखते शहर सड़कों के श्मशान में बदल गया।

इस सबके बीच उसके हाथ में हवाई जहाज का एक रिटर्न टिकट आ गया, अपने शहर से दूर इस प्रसिद्ध महानगर में आने का ताकि इज्जत की बेदाग चादर तनी रहे और उसके नीचे हर तरह की नीचता बिना किसी भी प्रकार की हीन भावना लाए की जा सके।

यहां होटल में पहुँच कर खूबसूरत वेशधारी महिलाओं के अभिवादन का जवाब देते हुआ वह अपने कमरे में पहुँच गया। सबसे पहले गुलाब की पंखुडि़यों से भरे बाथ टब में इत्मिनान से स्नान किया, फिर जिंजर-हनी टी पी, उसके बाद पास्ता विद व्हाइट सॉस, रशियन सलाद और फ्रैंच फ्राइज। खाने में कोई खास मजा नहीं आया लेकिन ऑर्डर किया था तो खाना ही था। जीभ को तो वही कचोरी, जलेबी सूतने की आदत है फिर भी यह सोच कर खाने का स्वाद लिया कि देश की राजधानी के सबसे मंहगे होटलों में से एक का खाना खाया जा रहा है।

उसके बाद कुछ देर 24 डिग्री सेल्सियस तापमान की तरावट में आलीशान पलंग पर आरामदायक झपकी ली और फिर दरवाजे की घंटी बजने पर उठ गया। दरवाजा खोला तो यह लंबी चौड़ी युवती, जिसकी लम्बाई उससे भी कई इंच ज्यादा थी, अंदर आ गयी। भक्क गोरा रंग, बड़ी-बड़ी लेकिन कुछ भूरी-सी आंखे, बड़ा चेहरा, गालों की हड्डियां उभरी हुई, भरे-भरे होंठों पर लगायी गहरी लाल लिपिस्टिक और कंधों पर बिखरे दोहरे रंग के करीने से कटे हुए बाल। लुभावना कसा हुआ नीला टॉप और घुटनों तक की डेनिम स्कर्ट, स्कर्ट के नीचे दिखती कसी हुई पिंडलियां और बैंगनी रंग की हाई हील सेंडल। एक ही नजर में उसने भांप लिया कि युवावस्था में फिल्मों देखी हुई हॉलीवुड हिरोइनों, जिन्होने घर के सूने कोनों में बैठ कर किए हुए अनगिनत मानसिक, शारीरिक विलासो को रंगीन किया था, इस कमनीय काया के सामने फीकी हैं। कल्पना की हर उड़ान के लिए इसके पास कोई-न-कोई ठौर-ठिकाना है।

सधी हुई मुस्कान, बिलकुल नपे-तुल ढंग से हाय-हैलो, रोबोट की तरह नाम मात्र के अधोवस्त्रों को छोड़ कर बाकी कपड़ों को उतारना फिर सिगरेट सुलगाना, उसे जल्दी-जल्दी कश लेकर खत्म करना और फिर काउच पर लेट जाना और उस आदमी द्वारा चुपचाप बैठे रहने पर दुबारा उसी गढ़ी हुई मुस्कान के साथ कहना, ‘‘‘‘सर, गो अ हेड! टाइम इज मनी फॉर मी?’’

उस आदमी की हालत भी खराब थी। दो बच्चों के बाप, अगले साल शादी की रजत जयंती है फिर भी उसे लग रहा था कि वो कुंआरा है और स्त्री देह से उसका कोई परिचय ही नहीं है। या शायद उसकी वही हालत थी जो किसी भूखे के सामने छप्पन भोग रख देने से होती है। वो समझ ही नहीं पाता कि पहले क्या खाए और बस भोजन को ताकता हुआ रह जाता है।

लेकिन कुछ तो करना ही था, उसने हिम्मत बटोरी, उस युवती पर झुका और अपने कंपकपाते सूखे होंठ उसके होठों पर रख दिए।

‘‘वॉट द हैल यू आर डूइंग?’’ उस युवती ने उसे इतनी ताकत से धकेला कि वो फिसल कर फर्श पर गिर पड़ा।

‘‘व्हाट हैपंड?’’, उस आदमी ने किसी तरह साहस बटोर कर कहा।

‘‘डू एनीथिंग यू वांट, ऑर आस्क मी टू डू व्हाटऐवर यू वांट, बट नेवर डेयर लिप टू लिप किसिंग’’ वो बुरी तरह झल्ला रही थी।

‘‘बट व्हाई?’’, वो आदमी हैरत में डूब गया। उसे याद आया कि अभी कुछ दिन पहले जब उसने दांतो के एक डाक्टर का पानी का  बिल कम कराया था तो उसने उसके मुंह का फ्री चेक अप करके सब कुछ ओ. के. बताया था।

‘‘यू सन ऑफ़ बिच, लिप टू लिप किसिंग इज फॉर लवर नॉट फॉर कस्टमर!!’’

वो आदमी भोंचक्का रह गया। विचार उसके दिमाग में चक्करघिन्नी की तरह घूमने लगे थे। अचानक उसे लगने लगा कि वो नंगा होकर बिकने के लिए बाजार में बैठा है और ये गरिमामयी औरत उसे हिकारत से घूर रही है।

Thursday, July 25, 2013

धमकी

अजय शीशे के सामने टाई की नॉट ठीक कर रहा था। डाइनिंग टेबल की ओर नाश्ते की ट्रे ले जाती नीरा उसे देख कर रुक गयी। लम्बा कद, गोरा रंग, गठा हुआ शरीर और आकर्षक चेहरा, अजय सरकारी अधिकारी कम मॉडल ज्यादा लगता है। माना अजय ने अपने को मेनेटेन कर रखा है, लेकिन वो भी अपने फ्रेंड सर्किल की सबसे स्लिम-ट्रिम लेडी है। 42 साल की इस आयु में भी न आंखों के नीचे झाइयां हैं न थुलथुल करता शरीर। मेकअप के बगैर भी चेहरा दमकता है, जीन्स पहने या साड़ी सब फबते हैं। जबकि उसके साथ की अधिकांश महिलाएं अपने जेवरों, लकदक करते कपड़ों, भारी मेकअप और गोगल्स के साथ चर्बी की कई पर्तों और तरह-तरह के दर्द/बीमारियों/कमजोरियों को भी ढोती हैं। लेकिन उसने अपने अपने साथ कभी लापरवाही नहीं की है। जब अजय के बॉस जिलाधिकारी मि॰ गुप्ता ने उसे देख कर कहा, ‘‘नीरा तुम तो बैक गेयर में चल रही हो! जैसे-जैसे समय बीत रहा है तुम और अट्रैक्टिव लग रही हो’’, तो वह बस मुस्करा कर रह गयी थी। उसे समझ नहीं आया कि ये तारीफ है या एक मर्द की आंखें उसे टटोल रही हैं?

फिर ऐसा क्या है जो अजय इतना यांत्रिक हो गया है? एस॰डी॰एम॰ होना ढेर सारे तनाव, परेशानियां और व्यस्तता लाता है लेकिन क्या ये सब जिंदगी से ज्यादा हैं? कई बार तो समझ ही नहीं आता कि हम जिंदगी को बिता रहे हैं या जिंदगी हमें बिता रही है? जिंदगी एक ऐसे ग्रे-मैटर में तब्दील हो गयी है कि समझ ही नहीं आता है कि क्या स्याह, क्या सफेद? अजय सब कुछ करता है लेकिन उसकी हर चीज बेजान सी हो गयी है, यहां तक उसका प्यार करना भी। कई बार लगता है रात में उसकी देह भी बस ड्यूटी ही निभा रही है, कहीं कोई भावनाएं नहीं, कहीं कोई उबाल नहीं, बस ब्रश करने, नहाने की तरफ ये ड्यूटी भी निभा दी जाती है।

‘‘नीरा! आय एम गेटिंग लेट! ब्रेकफास्ट प्लीज’’, अजय घूम कर बोला तो नीरा चैंक गयी। वह बस मुस्करा दी, आजकल उसे मुस्कराने की आदत हो गयी है। कोई भी बात हो बस मुस्करा देती है!

डायनिंग टेबल पर बैठते ही अजय ने ब्राउन ब्रेड पर जल्दी-जल्दी पीनट बटर लगाना चालू कर दिया और हमेशा की तरह नीरा ने उसका ओरेंज जूस का गिलास भर दिया।

‘‘आराम से खाओ अजय! अभी कोई लेट नहीं हुए हो!’’ नीरा उसकी हर काम जल्दी-जल्दी करने की आदत से खिसयाती है।

‘‘अरे यार तुम्हें कुछ नहीं मालुम, यहां घर में बैठ कर सब आसान लगता है! कल कमिश्नर का दौरा है, पूरा आफिस एक टांग पर खड़ा है, काम साला कुछ नहीं, ड्रामेबाजी-ड्रामेबाजी!! शिट्!!’’ अजय ने ब्रेड पर ऐसे दांत मारा जैसे वो उसकी दुश्मन हो।

नीरा ने अजय की तरह देखा, आंखों में सवाल उभरे लेकिन कहा कुछ नहीं, अपनो के साथ यही तकलीफ है, खरोंचेगे उन्हें और निशान अपने मन पर उभरेंगे। सुबह-सुबह टेंशन का मतलब दिन का सत्यानाश। कह तो सकती थी कि यार मालुम तो तुम्हें भी कुछ नहीं है, बाहर से सब आसान लगता है, जबकि घर चलाने में ऐसी-तैसी हो जाती है।

अजय ने तेजी से जूस का गिलास खाली किया और वाशबेसिन की और चला गया।

‘‘क्या नीरा तुम कुछ देखती हो या नहीं? ये जूतों की रैक के पास कितनी मिट्टी जमा है!’’, अजय फिर चिड़चिड़ाया। नीरा सोचती है कि कितने बड़े गधे हैं जो कहते हैं कि धर्म खतरे हैं, हकीकत मैं तो इंसान की मुस्कराहट खतरे में है, चिड़-चिड, चिड़-चिड़ .... लगता है आदमी नहीं चौराहे पर लगा पुराना ट्रान्सफार्मर है जो हर समय स्पार्क करता रहता है।

‘‘क्या हो गया?’’, नीरा तेज कदमों से वहां पहुंची, देखा जूते की रैक के नीचे जूतों के साथ आ गयी मिट्टी पड़ी थी।

‘‘क्या करूं ये नई काम वाली है ही ऐसी! राधा होती तो ऐसा कभी नहीं होता, एक-एक काम इतने तरीके से करती थी कि जी खुश हो जाए।’’

‘‘राधा माई फुट!! राधा नहीं होगी तो दुनिया नहीं चलेगी। ये कामवाली की नहीं तुम्हारी लापरवाही है! तुम्हें उस पर निगाह रखनी चाहिए न!’’ अजय पैर पटकता हुआ बाहर निकल गया। नीरा समझ नहीं पायी कि क्या प्रतिक्रिया दे और चुपचाप उसे देखती रही।

नीरा ने खिड़की के पास आकर देखा, अजय अपने पी.ए. से गेट पर खड़ा कुछ बोल रहा था। ड्राइवर अपनी सीट पर बैठा था और एक हाथ से अपनी कार्बाइन संभालता कांस्टेबल दूसरे हाथ से कार का दरवाजा खोले खड़ा था। अजय के चेहरे पर अब भी वही तल्खी थी। वह पीछे वाली सीट पर बैठ गया तो कांस्टेबल ने दरवाजा बंद कर दिया और ड्राइवर के बगल में बैठ गया। पी.ए. भी दूसरी तरफ से आकर उसकी बगल में बैठ गया। नीरा ने एक गहरी सांस ली और डाइनिंग रूम में पड़े सोफे पर बैठ गयी।

सोफे के बिलकुल बगल में पीतल के कलशनुमा गमले में रखे रबर प्लांट के पत्ते को कुछ पल पुचकारा फिर सोफे के पीछे सर टिका कर आंखें मूंद लीं।

‘‘मैडम फिर वही औरत आयी है?’’ एक मिनट भी नहीं हुआ था कि गार्ड ने आकर टोक दिया।

‘‘हे भगवान अजय इसका मामला निबटाता क्यों नहीं? और इसको घर का पता किसने बता दिया, यहीं मेरा खून पीने चली आती है!’’

‘‘भगा दूं मैडम?’’ गार्ड ने पूछा।

‘‘तुम चलो मैं अभी आती हूं, आज उसको अच्छी तरह सुना ही दूं!!’’, नीरा ने कहा और गार्ड के चले जाने पर अपनी साड़ी ठीक करी और गैलरी में आ कर बाहर की ओर चल दी।

गेस्ट रूम के बाहर खरंजे पर वो बैठी हुई थी। बीस साल से ज्यादा नहीं होगी, लेकिन चेहरा मुरझाया हुआ, झुलसा हुआ सा रंग, हाथ पैर ऐसे दुबले जैसे हड्डियों पर खाल को कपड़े की तरह लपेट दिया गया हो, फीके से रंग की साड़ी पहने, सर ढके हुए और आंखों में दयनीयता का गहरा भाव जो नीरा को समझ नहीं आ रहा था कि अभिनय था या हकीकत। नीरा के गुस्से का सारा जायका खराब हो गया, अब इस निरीह से प्राणी को क्या सुनाए!

‘‘मेमसाहब एक बार साहब से मिलवा दो’’ उसने हाथ जोड़ कर कहा।

‘‘तुम ऑफिस जाओ, ये घर है। साहब वहीं मिलेंगे।’’ नीरा चाह कर भी अपने स्वर में वो कठोरता नहीं ला पायी जो वो चाहती थी।

‘‘मेम साहब, बहुत बार आॅफिस के चक्कर मार लिए, नहीं मिलते साहब, भगवा और देते हैं’’, उसकी आंखें शायद गीली हो गयीं, क्योंकि वो साड़ी के पल्लू से अपनी आंखें पोंछने लगी।

‘‘क्या मुसीबत है!’’, नीरा को मालूम है अजय को उसके काम में दखलंदाजी बिलकुल पसंद नहीं है फिर भी उसने पूछ ही लिया,

‘‘क्या प्रॉब्लम है तुम्हारी?’’

‘‘मेमसाहब! अपना अनाथालय है न, उसी के बराबर से खोखा है मेरा। हफ्ता भर पहले, सब सरकार लोग जे.सी.बी.-वे.सी.बी. लेकर आए थे, पूरा खोखा उठा ले गए। हम बहुत चिल्लाए, बहुत रोए लेकिन नहीं छोड़े, बोले यहां खोखा लगाना गलत है, ये सरकार की जमीन है। हम बोले साहब सरकार के पास तो पूरे देश की जमीन है हमारे लिए इत्ती सी जमीन छोड़ दोगे तो क्या होगा? लेकिन नहीं माने हमारा खोखा ट्रक में रख कर ले गए। हम बोले हमारा सामान तो दे दो तो बोले जब निशान लगा के गए थे तो सामान क्यों नहीं उठाया? मेमसाहब अपनी कसम, हमने नहीं सोचा था कि इस तरह उठा कर ले जाएंगे वर्ना हम किसी भी तरह सामान हटा लेते।’’, वो लड़की वहीं बैठ गयी और रोने लगी।

‘‘अरे सुनो! सुनो! तुम रो नहीं इधर आओ इधर बैठो!’’, नीरा ने बरामदे में पड़ी हुई कुर्सी खींचते हुए कहा।
‘‘नहीं मेमसाहब! हम यहीं ठीक हैं! आप किसी तरह साहब से मिलवा दो! हम साहब से पैर पकड़ कर कहेंगे कि कम-से-कम खोखे का सामान तो दिलवा दो, हम और कुछ नहीं तो फेरी लगा कर ही सामान बेच लेंगे। मेमसाहब हम भी उसी अनाथालय में पले हैं। दुनिया में हमारा कोई नहीं है। अनाथालय वालों ने हमारी शादी करा दी थी। लेकिन मेमसाहब हमारा आदमी कोई काम नहीं करता था। हम दूसरों के घरों में बरतन साफ करते और वो बस दारू पीता और हमें मारता। एक दिन हमने बोला कि दारू के लिए पैसे नहीं देंगे तो ये यहां ये देखिए खौलता पानी डाल दिया।’’

उसने अपनी बांह दिखायी, कोहनी के ऊपर की त्वचा बदरंग थी और त्वचा की कई पर्तें आपस में मिल कर एक अजीब-सी डरावनी आकृति बना रही थीं। उन आकृतियों को देख कर नीरा को चक्कर से आने लगे। वो खुद कुर्सी पर बैठ गयी।

‘‘किसी तरह हमने यहां अनाथालय में फोन किया, वो लोग हमको वापस लेकर आए, रहने को एक कमरा दिलवाया और फिर उन लोगों ने आपस में ही चंदा करके हमारा खोखा खुलवाया। अनाथालय में आने वाले लोग बच्चों के लिए टाॅफी, बिस्कुट, नमकीन खरीदते थे और हमारी रोजी-रोटी चल जाती थी। अब मेम साहब हम कहां रहेंगे? कैसे काम चलाएंगे? कैसे खाएंगे’’

‘‘तुम जब साहब से मिलने गयी थीं तो क्या हुआ?’’, नीरा ने उसके चेहरे की ओर देखते हुए पूछा।

‘‘वो अपनी सीट मिलते ही नहीं, एक बार मिले तो बोले अभी बिजी हैं, बाद में आना! हमने मिलने की जिद की तो पुलिस वालों ने बाहर धकिया दिया। बस मेमसाहब आप एक बार मिलवा दो।’’
‘‘तुम्हें यहां का पता किसने दिया?’’

‘‘साहब के ऑफिस में है कोई, हम नहीं जानते, हमने कई बार चक्कर मारा तो बोले मैं साहब के घर का पता बता देता हूं, किसी को मेरा नाम नहीं बताना, शायद तुम्हारा काम हो जाए।’’, उसका रोना रुक गया था और उसने पल्लू से अपना पूरा चेहरा पोंछ लिया।

‘‘हरिप्रसाद! हरिप्रसाद!’’, नीरा ने आवाज दी।

‘‘जी मैडम!’’ हरिप्रसाद सामने था, अधेड़ नौकर।

‘‘इसके लिए पानी ले आओ!’’

‘‘जी मैडम!’’

‘‘ठीक है तुम सब्र रखो मैं बात करती हूं! तुम्हारे लिए कुछ-न-कुछ जरूर हो जाएगा’’, इतना कहकर नीरा बैड रूम में आ गयी। मोबाइल उठाया और अजय का नंबर मिला दिया।

‘‘ओह नीरा! हाय! यार सुबह कुछ गरमी में आ गया सौरी!’’, अजय का स्वर अप्रत्याशित रूप से नर्म था।

‘‘इट्स ओके अजय! आई कैन अण्डरस्टैंड योर वर्क प्रैशर!’’, नीरा ने भी सब कुछ भुला कर अपना पूरा प्यार अपने स्वर में उड़ेल दिया।

‘‘माई डियरेस्ट वाइफ! लव यू सो मच! बताओ कैसे फोन किया? कुछ काम था?’’

‘‘नहीं कुछ काम तो नहीं .... बस ये पूछ रही थी कि ... कि... ये खोखे वाली लड़की का क्या चक्कर है?’’

‘‘अरे वो फिर आ गयी? गार्डस् को बोलो उसे घसीट कर बाहर फैंके! ठहरो, मैं अभी गार्ड को फोन करता हूं!’’
‘‘अरे सुनो तो! उसका मैटर क्या है? उसके खोखे का सामान वापस दिलवा दो न!’’

‘‘नीरा!! बी इन योर लिमिट्स!!’’, अजय भड़क गया, पल भर पहले प्यार की नर्म बयार से भरा उसका स्वर अचानक भट्टी से निकली हवा की तरह भभक उठा।

‘‘मतलब!’’

‘‘नीरा! तुम्हें जो शाॅपिंग करनी हो करो, जहां जाना हो जाओ, जितनी पार्टी देनी हो दो, बच्चों के लिए जो करना हो करो, जो मर्जी आए वो करो लेकिन मेरे काम में दखल देने की सोचो भी मत!!’’

‘‘मैं तुम्हारे काम में दखल नहीं दे रही लेकिन एक इंसान के नाते मेरा भी कुछ वजूद है। अगर मुझे कुछ महसूस होता है तो मैं अपनी आवाज तुम तक पहुंचा सकती हूं!’’

‘‘एक इंसान होने से पहले तुम मेरी पत्नी हो! और वही तुम्हारी असली पहचान है! वाइफ ऑफ़ अजय मिश्रा पी॰ सी॰ एस॰!! अपनी उसी पहचान तक सीमित रहो, एक्टिविस्ट बनने की कोशिश नहीं करो।’’

‘‘अजय बात एक्टिविस्ट बनने की नहीं है! वो लड़की वाकई परेशान है। तुम्हें उसकी मदद करनी चाहिए!’’

‘‘नीरा! नीरा! तुम्हारी अक्ल क्या वाकई घुटनों में ही है? मैं क्या फ्रैंच में बोल रहा हूं जो तुम्हारी समझ नहीं आ रहा है? उस लड़की को अभी बाहर फिंकवाओ, अगर में इस तरह मदद करने लगा तो सुबह से शाम तक बस मदद ही करता रहूंगा। मेरे पास दिन में ऐसे 320 लोग आते हैं, उनसे डील करना मुझे आता है। और तुम अपने काम से काम रखो, फिजूल में मेरे को टैंशन मत दो। अच्छा छोड़ो! कूल डाउन! वो होटल इन्द्रप्रस्थ में डायमंड की सेल लगी है वहां से कुछ बढि़या ज्वैलरी खरीद कर लाओ। ओ. के.? अच्छा अब फोन रखो। मुझे कुछ काम करना है!’’

‘‘तो तुम उस लड़की के लिए कुछ नहीं करोगे?’’, नीरा का स्वर पत्थर की तरह सख्त हो गया।

‘‘ओह गॉड! हैव यू गॉन मैड! फोन रखो मेरा दिमाग मत खराब मत करो!’’

‘‘अजय, शायद तुम भूल रहे हो मैंने वकील की प्रैक्टिस तुम्हारे और बच्चों के लिए छोड़ दी थी .... मेरी सारी किताबें आज भी अलमारी में भरी हैं ... सिर्फ थोड़ी सी धूल ही हटानी है!’’

‘‘तो तुम मुझे धमकी दे रही हो?’’

‘‘हां तुमको ये धमकी लगती है तो धमकी ही सही .... मि॰ अजय मिश्रा, पी॰सी॰एस॰, एस॰डी॰एम॰ साहब, आप या तो उस लड़की का खोखा वापस देने की व्यवस्था करें वर्ना ... मैं नीरा मिश्रा, बी॰ए॰, एल॰एल॰बी॰, गोल्ड मैडलिस्ट, बार काउन्सिल नं 04890 आपको कोर्ट ऑफ़ लॉ में मिलूंगी!!!!’’, "नीरा ने फोन पटक दिया। उसकी आंखों में चिरमिराहट हो रही थी, सांस तेज चल रही थी, सर घूम रहा था लेकिन पहले कभी उसे अपने भीतर ऐसी ताकत का अनुभव नहीं हुआ था।